न्यूज़

महाराष्ट्र मंडल ने किया अपने कर्मवीरों का सम्मान... तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा भवन... भवन लोकार्पण का दिखा उत्साह

महाराष्ट्र मंडल ने किया अपने कर्मवीरों का सम्मान... तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा भवन... भवन लोकार्पण का दिखा उत्साह
रायपुर। चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ ने शनिवार को अपने कर्मवारों का सम्मान किया। इस अवसर पर समूची कार्यकारिणी सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी भी सम्मानित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र नाट्य मंडळ के पूर्व अध्यक्ष और मंडळ के वरिष्ठ सदस्य दिलीप लांबे थे। अध्यक्षता मंडळ अध्यक्ष अजय काळे ने की। विशेष अतिथि के रुप में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत देशपांडे, भवन निर्माण समिति के प्रमुख रामदास जोगळेकर उपस्थित थे।  
महाराष्ट्र मंडळ ने बीते एक अप्रैल से अपने तीन दिवसीय भव्य आयोजन में नए भवन का लोकार्पण किया। आज के कार्यक्रम में भवन के लोकार्पण कार्यक्रम और इससे पहले मंडळ में अपना आर्थिक, मानसिक और शारीरिक सहयोग देने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया। 
 
 
 
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मंडळ के सचिव चेतन दंडवते ने सर्वप्रथम उपस्थित समाजजनों को अतिथियों का परिचय दिया तत्पश्चात सूत, शाल और श्रीफल से अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता प्रशांत देशपांडे ने कहा कि 1972 में जब मंडळ के पहले भवन का निर्माण हुआ था, तब मैंने काळेले और जोगळेकर सर के कहने पर रसीद बुक लेकर चंदा एकत्र किया था। मैं उसी दिन से मंडळ से जुड़ गया था। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं आज भी इस भवन निर्माण का सहभागी बना। 
 
 
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडळ अध्यक्ष अजय काळे ने एक बार फिर सभी को नए भवन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भवन निर्माण तक आप लोगों का जितना सहयोग मिला, उतना सहयोग आगे मिलता रहे। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के पूर्व कई शिकवा-शिकायत मिलती रही, जिस पर हमने ध्यान नहीं दिया। अब शिकवा-शिकायतें सीधे अध्यक्ष के पास न आकर प्रबंधन के पास आनी चाहिए। अब मंडळ का समुचित खर्च मंडळ के नये भवन से निकलना चाहिए। आगे चलकर भवन बुकिंग करने वालों की भी शिकायतें आएंगी, उसका समधान हमें करना है। 
 
 
 

मंडळ के परिवार परामर्श समिति की सदस्य डा. मंजरी बक्षी ने प्रेरक संबोधन के माध्यम से परिवार की एकजुटता का संदेश दिया। और तनाव से बचने के उपाय बताए। पद्मजा व कुमुद लाल ने मौके पर अपने घर से मिठाई लाकर अध्यक्ष अजय काळे, सचिव चेतन दंडवते, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, कामकाजी महिला वसती गृह नमिता शेष व सचेतक रविन्द्र ठेंगड़ी का सपत्निक मुंह मीठा कराया। 


मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने आभार प्रदर्शन से पूर्व महाराष्ट्र मंडळ के क्षमता और प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मंडळ के सदस्य सिर्फ रायपुर या छत्तीसगढ़ ही नहीं देश के सभी कोने में मदद के लिए आगे रहता है।