AIIMS से आईएनआई-एसएस 2026 में अदिति को आल इंडिया में मिली पहली रैंक
रायपुर। ऑल इंडिया इन्स्टिटूट आफ मेडिकल साइंस नईदिल्ली द्वारा आयोजित इन्स्टिटूट आफ नेशनल इम्पॉर्टन्स सुपर स्पेशिऐलिटी (INI-SS) एग्जाम पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजी में ऑल इंडिया लेवल पर डॉ. अदिति प्रदीप कपले ने पहला रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया। डॉ. अदिति महाराष्ट्र मंडल की आजीवन सभासद दीप्ति कपले और प्रदीप कपले की बेटी है। अदिति अब पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजी में सुपर स्पेशियलिटी (DM) की पढ़ाई जोधपुर एम्स से करेगी। अदिति की इस सफलता पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले और कार्यकारिणी ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. अदिति की माता और मंडल की आजीवन सभासद दीप्ति कपले ने बताया कि अदिति वर्तमान में एमडी पीडियाट्रिक है। उसने आगे की पढ़ाई और पल्मोनोलॉजी में विशेषज्ञता के लिए इन्स्टिटूट आफ नेशनल इम्पॉर्टन्स सुपर स्पेशिऐलिटी (INI-SS) एग्जाम फाइट किया था। अदिति ने इसमें ऑल इंडिया लेवल पर पहला रैंक हासिल किया। अभी चार माह पहले उसकी शादी हुई है, अदिति ने अब कपले और पोफळे परिवार को गौरवान्वित कर दिया।
दीप्ति कपले ने आगे बताया कि पल्मोनोलॉजिस्ट (Pulmonologist) फेफड़ों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को कहा जाता है। डॉ. अदिति की यह शानदार सफलता उनकी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट रणनीति का परिणाम है। इस ऐतिहासिक रैंक (AIR 1) के साथ ही वे एम्स जोधपुर से पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजी में सुपर स्पेशियलिटी (DM) की पढ़ाई करेंगी। बतादें कि यह चिकित्सा विज्ञान की वह सुपर-स्पेशियलिटी शाखा है जो नवजात शिशुओं, बच्चों और किशोरों के फेफड़ों व श्वसन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज पर केंद्रित है।
