महाराष्ट्र मंडल में हरियाली तीज महोत्सव 22 अगस्त को
21-Aug-2026
रायपुर। सावन की फुहार, झूले की मस्ती, हाथों में मेहंदी और चेहरे पर मुस्कान। जी हां कुछ ऐसा ही नजारा नजर आएगा 22 अगस्त की शाम महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में। मौका होगा महाराष्ट्र मंडल की महिला केंद्रों द्वारा आयोजित हरियाली तीज महोत्सव का। तीज महोत्सव में जहां एक ओर भारत दर्शन नजर आएगा वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक वस्तुओं से सुंदर आभूषण तैयार करने की प्रतियोगिता आयोजित की गई है। तीज महोत्सव को लेकर महाराष्ट्र मंडल की महिलाओं में उत्साह देखा गया, वहां आयोजन में अपने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने का अभ्यास करती रहीं।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आय़ोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को मंडल की बूढ़ापारा, तात्यापारा, वल्लभनगर, अमलीडीह और सिविल लाइन महिला केंद्र द्वारा आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव 22 अगस्त की शाम 4 बजे से शुरू होगा। इस अवसर पर 12 महिला केंद्रों द्वारा भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक प्रदर्शित करती शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। एक-एक केंद्र की महिलाएं एक-एक राज्य और सावन उत्सव सेलिब्रेट करती नजर आएंगी।
तोपखानेवाले ने आगे बताया कि भारत दर्शन कार्यक्रम में चौबे कॉलोनी दक्षिण भारत, सडडू मोवा गुजरात , न्यू राजेन्द्र-नगर कमल विहार राजस्थान, सुंदर नगर हरियाणा, सरोना कश्मिरी, शंकर नगर पंजाब, रोहणीपुरम संबलपुर (ओडिशा), डंगनिया महाराष्ट्र, कोटा छत्तीसगढ़, देवेंद्र नगर मध्यप्रदेश, अंवति विहार पश्चिम बंगाल और टाटीबंध केंद्र की महिलाएं केरल राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अवसर पर हरियाली और प्राकृतिक चीजों को लेकर आभूषण बनाने की स्पर्धा भी होगी। जिसमें चौबे कालोनी केंद्र से धनश्री पेंडसे और दीवाली येलणे, रोहिणपुरम से सोनाली कुलकर्णी और श्रेया टल्लू, टाटीबंध से स्नेहल खेर और डंगनिया केंद्र से सोनल फडणवीस और ज्योति डोडस ने भाग लिया है।
