न्यूज़

महाराष्‍ट्र मंडल में बैल सजाओ स्‍पर्धा 11 को.... स्पर्धा में सर्व समाज के प्रतिभागी भी लें सकेंगे भाग

महाराष्‍ट्र मंडल में बैल सजाओ स्‍पर्धा 11 को.... स्पर्धा में सर्व समाज के प्रतिभागी भी लें सकेंगे भाग
- संस्‍कृति समिति पहली बार सर्व समाजों के प्रतिभागियों को भी प्रतियोगिता में भागीदारी का दे रही अवसर 
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल परिसर में 11 सितंबर को पोला पर्व पर तान्हा पोला (बैल सजाओ) स्‍पर्धा का भव्‍य आयोजन किया जा रहा है। संस्‍कृति समिति की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में महाराष्‍ट्र मंडल के सभासदों के अलावा पहली बार सभी समाजों के प्रतिभागियों को भी शामिल होने का अवसर मिलेगा। 
 
नए कार्यकाल की पहली बैठक में संस्‍कृति समिति की प्रमुख गौरी क्षीरसागर ने अपने आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोला पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाली तान्‍हा पोला स्‍पर्धा में महाराष्‍ट्र मंडल के सभासद अपने नन्‍हें- मुन्‍ने बच्‍चों, नाती- पोतों के साथ मिट्टी या लकड़ी के बैलों की सुंदर सजावट कर प्रतियोगिता में शामिल होंगे। वहीं पहली बार मराठी भाषी मराठा, कुनबी, कलार, स्वर्णकार, तेली, शिंपी सहित सभी समाजों को भी इस पारंपरिक पर्व व संस्कृति से जुड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इनके अलावा गैर मराठी भाषी प्रतिस्‍पर्धी भी तान्‍हा पोला की बैल सजाओ स्‍पर्धा की शान बढ़ाएंगे। 
 
संस्‍कृति समिति की प्रिया बक्षी के अनुसार इस बार प्रतियोगिता आयु के आधार पर तीन वर्गों में होगी। पहला वर्ग पांच साल के बच्‍चों तक के लिए होगा। दूसरा वर्ग 11 साल तक के बच्‍चों के लिए और तीसरा ओपन कंपटीशन रहेगा। प्रतियोगिता के लिए बैल की सजावट, प्रसाद, प्रतिभागी के परिधान से लेकर अन्‍य कई केटेगरी में अंक निर्धारित किए गए हैं। उसी के आधार पर प्रतियोगिता के निर्णायक विजेता, उप विजेता और तीसरे स्‍थान के प्रतिभागी के नाम घोषित करेंगे और उनका निर्णय अंतिम और मान्‍य होगा। बैल सजाओ स्‍पर्धा के प्रत्‍येक प्रतिभागी को प्रोत्‍साहन स्‍वरूप प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। बैठक में कार्यकारिणी सदस्‍य प्रवीण क्षीरसागर, समीर टल्‍लू, डॉ. बबीता बिठले, प्रेम उपवंशी, प्रशांत बक्षी विशेष रूप से उपस्थित रहे।