न्यूज़

महाराष्ट्र मंडल में रविवार 2 जुलाई को नए सदस्यों का स्वागत व विद्यार्थी सम्मान समारोह

महाराष्ट्र मंडल में रविवार 2 जुलाई को नए सदस्यों का स्वागत व विद्यार्थी सम्मान समारोह
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि नए सदस्य महाराष्ट्र मंडल में आएंगे, तो अपने साथ नए विचार, नए आइडिया लाएंगे। इससे महाराष्ट्र मंडल की प्रगति को नई गति मिलेगी, साथ ही नए प्रकल्पों व कार्यों को शुरू करने का विश्वास भी जागेगा। यही वजह है कि रविवार, 2 जुलाई को नए सदस्यों के स्वागत के लिए भव्य आयोजन किया जा रहा है। 
अजय काले ने कहा कि प्रत्येक कार्यकारिणी सदस्य और विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे व्यक्तिगत रूप से महाराष्ट्र मंडल के नए सदस्यों, वरिष्ठ सदस्यों और विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त मंडल के लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाएं अथवा उनका आगमन सुनिश्चित करें। यह तभी संभव होगा, जब आप सतत अपने मित्रों, परिचितों व करीबियों के संपर्क में रहेंगे और उनसे कार्यक्रम में आने का आग्रह करेंगे। इसके लिए जरूरी है कि महाराष्ट्र मंडल की प्रत्येक समिति के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य हर रोज कम से कम 10 लोगों से बिना वजह, बस यूं ही बात करे। औपचारिक रूप से उनका हालचाल पूछे। 
चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आहुत बैठक में अपनी कार्यकारिणी व समितियों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष काले ने कहा कि रविवार को नए सदस्यों के आत्मीय स्वागत के साथ महाराष्ट्र मंडल के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 10:00 बजे शुरू होगा। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें महाराष्ट्र मंडल में नवागंतुक सदस्यों को स्टेज पर आकर अपना परिचय देते हुए यह बोलने व बताने का अवसर भी मिलेगा कि वे मंडल के लिए क्या कुछ कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में सलाह, सुझाव, परामर्श के बजाय खुद को, अपने कार्यों और अपनी योजनाओं के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा। 
अजय काले ने बताया कि इसके बाद सचिव चेतन दंडवते नए सदस्यों के साथ पधारे छात्र-छात्राओं व युवाओं को महाराष्ट्रीयन संस्कार, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की सीख देंगे। साथ ही सामाजिक कुरीतियों व अंधविश्वास से आधुनिक व प्रगतिशील युग में कैसे बचा जाए अथवा निपटा जाए, इसके उपाय भी बताएंगे। 
विद्यार्थी सम्मान समारोह के प्रभारी भागीरथ कालेले ने बताया गत दो-तीन वर्षों से कोरोना संक्रमण काल के कारण महाराष्ट्र मंडल विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित नहीं कर पा रहा था। अब स्थिति बिल्कुल सामान्य है, इसीलिए 2 जुलाई को मंडल के नवनिर्मित भवन में ही नए सदस्यों के स्वागत- सत्कार व संबोधन के बाद विद्यार्थियों का अभिनंदन किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ बोर्ड से 12वीं की प्राविण्य सूची में आए मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल के छात्र कुंदन बियानी और मुस्कान सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही क्षितिज सागर हेलोडे का भी अभिनंदन किया जाएगा। क्षितिज नीट में छत्तीसगढ़ राज्य में सर्वोच्च अंक पाने वालों में से एक हैं। विभिन्न संकायों की बोर्ड परीक्षा में शानदार अंक हासिल करने वाले छात्र- छात्राओं के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर हॉस्पिटल की सेवाभावी वरिष्ठ नर्स भी सम्मानित की जाएंगी।