न्यूज़

महाराष्ट्र मंडल की बाइक रैली को रास्ते भर मिला जोरदार प्रतिसाद

महाराष्ट्र मंडल की बाइक रैली को रास्ते भर मिला जोरदार प्रतिसाद
रायपुर। हनुमान मंदिर तात्यापारा चौक से बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों पर निकाली गई बाइक रैली को रास्तेभर अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला। इसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर नव वर्ष के हर्ष को दोगुना किया।
 
बाइक रैली तात्यापारा चौक से कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती पुलिस थाना तिराहा, लाखे नगर चौक, सुंदर नगर तिराहा, डगनिया चौक, अनुपम गार्डन तिराहा, आरकेसी गेट तिराहा से होते हुए महाराष्ट्र मंडल पहुंची। बाइक रैली में महिलाएं एवं युवा साथी भगवा पगड़ी में जयघोष के नारे लगा रहे थे, तो वहीं महाराष्ट्र मंडल की कार्यकारिणी के सदस्य सफेद टोपी और भगवा ध्वज पकड़े गुढी पड़वा- नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए नारे लगा रहे थे। बाइक रैली में मराठा समाज के अध्यक्ष गुणवंत राव घाटगे, मराठा युवा समाज के अध्यक्ष लोकेश पवार सहित अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
 

रैली की अगुवाई पुलिस की गाड़ी कर रही थी। रास्ते में बहुत से वाहन चालकों ने रैली में घुसकर नारेबाजी में सहभागिता निभाई। बहुत से ऐसे लोग भी रैली में साथ आए, जो हनुमान मंदिर में बाइक रैली शुरू होने के दौरान नहीं थे। अध्यक्ष अजय काळे के नेतृत्व में मंडल की संपूर्ण कार्यकारिणी, सभी समितियों के प्रभारी, पदाधिकारी और सदस्य, सभी महिला केंद्रों की संयोजिकाएं- सह संयोजिका व सदस्य महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले के नेतृत्व में दोपहिया वाहन के साथ शामिल हुईं। हनुमान मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य और मराठा समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों ने रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।