न्यूज़

International Womens Day: पेट्रोल पंप में काम करने वाली महिलाओं को महाराष्ट्र मंडल करेगा सम्मानित

International Womens Day:  पेट्रोल पंप में काम करने वाली महिलाओं को महाराष्ट्र मंडल करेगा सम्मानित

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के महिला केंद्र द्वारा 12 मार्च को समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका गृह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के साथ होली मिलन समारोह का संयुक्त आयोजन किया गया है। इस आशय की जानकारी देते हुए महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि कार्यक्रम में पेट्रोल पंप पर काम करने वाली मेहनतकश महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। यह संयुक्त आयोजन टाटीबंध महिला केंद्र और कोटा महिला केंद्र द्वारा किया जा रहा है। 

कोटा महिला केंद्र की संयोजिका प्रीति यादव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिलेट या मीठे व्यंजन की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। रविवार दोपहर 3:30 बजे शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी कोदो, कुटकी, भगर, भाजणी के व्यंजन घर में ही तैयार कर आयोजन स्थल पर आ सकती हैं। व्यंजन की सजावट और उससे सवाल- जवाब के आधार पर ही निर्णायक यह तय करेंगे कि किसका व्यंजन सर्वश्रेष्ठ और सबसे स्वादिष्ट है।

 टाटीबंध महिला केंद्र की कीर्ति भिते ने बताया कि शाम 4:00 बजे से होली क्वीन स्पर्धा का आयोजन किया गया है। इसमें प्रतिभागी सबसे पहले ऐसे गानों पर डांस करेंगी, जो होली से संबंधित तो नहीं है मगर डांस की भाव- भंगिमाएं और स्टेप्स होली की मस्ती को दर्शाने वाले होंगे। 
 
कीर्ति ने बताया कि इसी तरह अगले राउंड में प्रतिभागी प्राप के साथ रैंप पर कैटवॉक करेंगी. अंतिम राउंड में प्रतिभागियों को निर्णायक मंडल के सवालों का जवाब देना होगा। तीनों राउंड को मिलाकर ही निर्णायक होली क्वीन की घोषणा करेंगी। 
 
महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, कोटा महिला केंद्र प्रमुख प्रीति यादव व टाटीबंध महिला प्रमुख कीर्ति भिते ने मंडल की समस्त महिला सदस्यों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।