न्यूज़

महाराष्ट्र मंडल में सामूहिक योग और बाल योग नृत्य की प्रस्तुति 21 जून को

महाराष्ट्र मंडल में सामूहिक योग और बाल योग नृत्य की प्रस्तुति 21 जून को

रायपुर। भारत की हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाने वाला ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ आज दुनिया के सबसे बड़े स्वास्थ्य और वेलनेस अभियानों में शामिल हो चुका है। महाराष्ट्र मंडल रायपुर और रोटरी क्लब रायपुर नार्थ के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून को सुबह 7 बजे से महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।

महाराष्ट्र मंडल की योग समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल की योग समिति और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महाराष्ट्र मंडल के सभासदों, रोटरी क्लब के सदस्यों और नगरवासियों द्वारा सामूहिक योग किया जाएगा। इस अवसर पर छोटे बच्चों द्वारा तीन मिनट के सुंदर योग नृत्य की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

आस्था ने आगे बताया कि योग दिवस पर अपनी प्रस्तुति के लिए योग शिक्षिका वर्षा चोपकर बच्चों को योग नृत्य का अभ्यास करा रही है। इन बच्चों ने महाराष्ट्र मंडल द्वारा मई माह में लगे बाल संस्कार शिविर में शामिल होकर योग सीखा था। बच्चों ने इसे अपने दैनिक दिनचर्या में शामिल कर लिया है।